सांसद ज्ञानेश्वर पाटील ने ताप्ती-मोहना संगम पर डैम निर्माण की उठाई मांग, किसानों के बिजली बिलों का मुद्दा भी गूंजा।
- जिला स्तरीय समीक्षा बैठक में सांसद ने प्रमुखता से रखे जिले के विकास और जनहित से जुड़े विषय
- डैम निर्माण के मुद्दे पर प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट ने मुख्यमंत्री से चर्चा कर समाधान निकालने का दिया भरोसा
बुरहानपुर(न्यूज़ ढाबा)–शुक्रवार को संयुक्त जिला कार्यालय में जिले के प्रभारी मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में सांसद श्री ज्ञानेश्वर पाटील ने सहभागिता करते हुए जिले के सर्वांगीण विकास कार्यों एवं विभिन्न शासकीय योजनाओं की प्रगति से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों को प्रमुखता से सदन के समक्ष रखा।
बैठक के प्रमुख बिंदु:
- ताप्ती-मोहना संगम पर डैम निर्माण: सांसद श्री पाटील ने ताप्ती नदी के मोहना संगम पर डैम निर्माण की मांग को पुरजोर तरीके से उठाते हुए क्षेत्र की सिंचाई और जल संरक्षण के लिए इसके महत्व से प्रभारी मंत्री को अवगत कराया।
- प्रभारी मंत्री का आश्वासन: डैम निर्माण की आवश्यकता को गंभीरता से लेते हुए प्रभारी मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट ने भरोसा दिलाया कि वे स्वयं इस विषय पर माननीय मुख्यमंत्री जी से चर्चा कर इसके समाधान का ठोस रास्ता निकालेंगे।
- किसानों के बिजली बिलों पर राहत की मांग: सांसद ने किसानों के खेतों में आ रहे बढ़े हुए बिजली बिलों का मुद्दा प्रमुखता से उठाते हुए अन्नदाताओं को इस समस्या से जल्द राहत देने की आवश्यकता जताई।
- विभिन्न विभागों की समीक्षा: बैठक के दौरान जल संसाधन, शिक्षा और स्वास्थ्य सहित अन्य प्रमुख विभागों की कार्यप्रणाली व जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।
- अधिकारियों को सख्त निर्देश: प्रभारी मंत्री ने सांसद श्री पाटील द्वारा उठाए गए सभी जनहितैषी मुद्दों पर संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

