बुरहानपुर (न्यूज़ ढाबा)–26 नवंबर 2026। भारतीय जनता पार्टी जिला बुरहानपुर द्वारा गुरुवार को स्थानीय गांधी हॉल में ‘संविधान गौरव दिवस’ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य वक्ता प्रदेश भाजपा प्रवक्ता, पूर्व मंत्री एवं बुरहानपुर विधायक श्रीमती अर्चना चिटनिस रहीं, जबकि अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. मनोज माने ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर के छायाचित्र पर माल्यार्पण, दीप प्रज्वलन और वंदे मातरम के सामूहिक गायन के साथ हुआ।
‘राष्ट्र प्रथम’ और ‘कर्तव्यभाव’ से साकार होगा विकसित भारत 2047 : अर्चना चिटनिस मुख्य वक्ता श्रीमती अर्चना चिटनिस ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2015 से भाजपा सरकार ने देशभर में संविधान दिवस मनाने की परंपरा शुरू की। गुजरात के मुख्यमंत्री रहते हुए भी मोदी जी ने संविधान को सिर पर रखकर गौरव यात्रा निकाली थी। संविधान सभा के स्थायी अध्यक्ष डॉ. राजेंद्र प्रसाद और डॉ. बाबा साहब आंबेडकर को स्मरण करते हुए उन्होंने कहा कि देश किन नियमों, सिद्धांतों, अधिकारों और कर्तव्यों पर चलेगा, यह निर्धारित करने में बाबा साहब का योगदान अतुलनीय रहा है। उन्होंने यह भी रेखांकित किया कि संविधान सभा में बड़ी संख्या में महिलाओं की सहभागिता रही थी।
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए श्रीमती चिटनिस ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने 75 वर्षों तक केवल वोट की राजनीति के लिए बाबा साहब के नाम का उपयोग किया, लेकिन उन्हें कभी सच्चा सम्मान नहीं दिया और दो बार चुनाव में हराया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अनुसूचित जाति एवं वंचित समाज को मुख्यधारा से जोड़ने के बजाय भ्रम फैलाने का कार्य किया। कश्मीर में एससी, एसटी और ओबीसी वर्ग को आरक्षण कांग्रेस शासन में नहीं मिल पाया था, जो अब भाजपा सरकार के कारण मिल रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिए गए ‘राष्ट्र प्रथम’ और ‘कर्तव्यभाव’ के दो मंत्रों को अपनाकर ही हम वर्ष 2047 तक विकसित भारत का सपना साकार करेंगे।
संविधान ने दिलाया समानता और न्याय का अधिकार : डॉ. मनोज माने कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. मनोज माने ने कहा कि 26 नवंबर 1949 को संविधान को अंगीकृत किया गया और 26 जनवरी 1950 को इसे लागू किया गया। डॉ. आंबेडकर के नेतृत्व में निर्मित संविधान ने प्रत्येक नागरिक को समानता, न्याय और शिक्षा सहित मौलिक अधिकारों का मार्ग प्रशस्त किया। उन्होंने कहा कि भारत की मूल संस्कृति में कभी जातिगत भेदभाव नहीं रहा, समाज में भेदभाव पैदा करने का काम मुगलों और अंग्रेजों द्वारा किया गया।
पुष्पांजलि और जयघोष से गूंजा सभागार कार्यक्रम के प्रारंभ में अनुसूचित जाति मोर्चा के जिलाध्यक्ष राजकुमार वाद्य ने स्वागत भाषण देते हुए बाबा साहब के जीवन और संघर्षों पर प्रकाश डाला। उपस्थित जनसमूह ने डॉ. आंबेडकर के छायाचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। इस दौरान पूरा सभागार “बाबा साहब अमर रहे” और “संविधान दिवस अमर रहे” के जयघोष से गूंज उठा।
इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता दिलीप भाई श्रॉफ, जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि प्रदीप पाटिल, जिला उपाध्यक्ष एवं शाहपुर नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि वीरेंद्र तिवारी, कैलाश पारीक सहित पार्टी के जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, विभिन्न मोर्चों के जिला अध्यक्ष, वरिष्ठ नेता एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री चिंतामन महाजन ने किया तथा आभार जिला महामंत्री ईश्वर चौहान ने माना। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

