Homeअतिक्रमणसिंधी बस्ती से लालबाग रेलवे स्टेशन तक नगर निगम का अतिक्रमण विरोधी...

सिंधी बस्ती से लालबाग रेलवे स्टेशन तक नगर निगम का अतिक्रमण विरोधी अभियान सड़क और फुटपाथ से हटाए गए अवैध ओटले व शेड; कई ठेले, गुमटियां और वाहन जब्त।

बुरहानपुर(न्यूज़ ढाबा)–शहर में सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने और मुख्य मार्गों को बाधा मुक्त बनाने के उद्देश्य से नगर निगम प्रशासन द्वारा सोमवार को अतिक्रमण के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया गया। नगर निगम आयुक्त संदीप श्रीवास्तव के निर्देश पर निगम के अमले ने सिंधी बस्ती चौराहे से लेकर लालबाग रेलवे स्टेशन तक सड़क और फुटपाथ पर किए गए अस्थाई व स्थाई अतिक्रमणों को हटाने की सख्त कार्रवाई की।

कार्रवाई के दौरान निगम की टीम ने लाउडस्पीकर के माध्यम से मुनादी कर व्यापारियों और नागरिकों को स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाने की चेतावनी दी। इसके उपरांत अमले ने दुकानों के बाहर अनाधिकृत रूप से निकाले गए पतरे, साइबान, ओटले और टपरे हटाए। सड़क किनारे रात में लावारिस हालत में छोड़े जाने वाले ठेलों सहित बड़ी संख्या में गुमटियां और बाधा बन रहे वाहनों को जब्त कर निगम कार्यालय भेजा गया।

अभियान के संबंध में जानकारी देते हुए निगमायुक्त संदीप श्रीवास्तव ने बताया कि लालबाग रोड क्षेत्र में यातायात का अत्यधिक दबाव रहता है। यहां सुगम और सुरक्षित आवागमन बनाए रखने के लिए नगर निगम समय-समय पर इस तरह की मुहिम चलाता है। सड़क किनारे किए गए अवैध कब्जों को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।

कार्रवाई के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति अथवा विवाद से निपटने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा। इस मौके पर अतिक्रमण अधिकारी व उप यंत्री अनुज तारे, सहायक अधिकारी संजय तिवारी, राजपति यादव सहित नगर निगम का अमला और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments