- रेहटा-खड़कोद पहुंच मार्ग, मोहम्मदपुरा क्लस्टर और सड़कों के बजट को लेकर रखा पक्ष
- बहादरपुर सूत मिल श्रमिकों की ग्रैच्युटी व स्वत्वों के भुगतान का विषय प्रमुखता से उठाया
बुरहानपुर(न्यूज़ ढाबा)–बुरहानपुर विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री श्रीमती अर्चना चिटनिस (दीदी) ने भोपाल प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से सौजन्य भेंट की। इस दौरान उन्होंने बुरहानपुर विधानसभा एवं जिले के समग्र विकास, औद्योगिक विस्तार, सड़क अधोसंरचना, श्रमिक कल्याण तथा जनहित से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर मुख्यमंत्री से बिंदुवार चर्चा की और विकास कार्यों को प्राथमिकता से पूरा कराने का आग्रह किया।
शीघ्र आयोजित हो ‘निमाड़ इंडस्ट्री कॉन्क्लेव’ श्रीमती चिटनिस ने मुख्यमंत्री को उनके बुरहानपुर प्रवास के दौरान की गई घोषणा का स्मरण कराते हुए जिले में प्रस्तावित ‘निमाड़ इंडस्ट्री कॉन्क्लेव’ को शीघ्र आयोजित करने का अनुरोध किया। उन्होंने बताया कि टेक्सटाइल, फूड प्रोसेसिंग, डेयरी, शुगर, एथेनॉल और कृषि आधारित उद्योगों के क्षेत्र में बुरहानपुर सहित पूरे निमाड़ में निवेश की अपार संभावनाएं हैं। इस कॉन्क्लेव से स्थानीय युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
औद्योगिक कनेक्टिविटी और अधोसंरचना पर जोर औद्योगिक गतिविधियों को सुगम बनाने के लिए श्रीमती चिटनिस ने रेहटा-खड़कोद औद्योगिक क्षेत्र के पहुंच मार्ग निर्माण तथा मोहम्मदपुरा औद्योगिक क्लस्टर के समग्र विकास की मांग रखी। उन्होंने कहा कि बेहतर कनेक्टिविटी से ही नए निवेश को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय अर्थव्यवस्था मजबूत होगी।
सूत मिल श्रमिकों के स्वत्वों के भुगतान की मांग श्रमिक हित से जुड़े गंभीर मुद्दे को उठाते हुए विधायक श्रीमती चिटनिस ने बहादरपुर सहकारी सूत मिल के श्रमिकों के लंबे समय से लंबित वेतन, ग्रैच्युटी व अन्य स्वत्वों के त्वरित निराकरण और भुगतान का आग्रह मुख्यमंत्री से किया।
सड़क मरम्मत और जन विश्वास अभियान पर चर्चा भेंट के दौरान जिले की प्रमुख सड़कों को बजट में शामिल करने और मरम्मत हेतु अतिरिक्त राशि स्वीकृत करने पर भी बात हुई। इसके साथ ही श्रीमती चिटनिस ने बुरहानपुर में संचालित ‘मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान’ के सफल क्रियान्वयन, जनसहभागिता और स्थानीय नवाचारों से मुख्यमंत्री को अवगत कराया।
श्रीमती अर्चना चिटनिस ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मार्गदर्शन और निरंतर संवाद से बुरहानपुर के विकास, निवेश और रोजगार के संकल्प को धरातल पर उतारने का कार्य तेजी से किया जा रहा है।

