Saturday, December 13, 2025
Homeबुरहानपुरशाहपुर के विकास हेतु डॉ.मोहन यादव के समक्ष रखी मांगे! शाहपुर नगर...

शाहपुर के विकास हेतु डॉ.मोहन यादव के समक्ष रखी मांगे! शाहपुर नगर पालिका परिषद बने, खेलकूद के लिए स्टेडियम बने।

शाहपुर के विकास हेतु डॉ.मोहन यादव के समक्ष रखी मांगे! शाहपुर नगर पालिका परिषद बने, खेलकूद के लिए स्टेडियम बने।

बुरहानपुर(न्यूज़ ढाबा)–विधायक चिटनिस एवं शाहपुर नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि वीरेंद्र तिवारी ने विगत दिनों भोपाल प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव से मुलाकात कर शाहपुर अंतर्गत अनेक विकास कार्यों के संबंध में चर्चा कर विशेष अनुदान की मांग रखी। इसमें नगर परिषद शाहपुर को नगर पालिका परिषद बनाए जाने तथा तत्कालीन मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणा अंतर्गत शाहपुर में स्टेडियम निर्माण हेतु 1 करोड़ रूपए आवंटित करने की मांग रखी। जिस पर मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने अतिशीघ्र स्वीकृति के साथ क्रियान्वित करने हेतु आश्वस्त किया। इस दौरान महापौर श्रीमती माधुरी पटेल, पूर्व महापौर अतुल पटेल एवं भाजपा जिला महामंत्री सुभान चौहान उपस्थित रहे।

नगर परिषद शाहपुर को नगर पालिका परिषद बनाई जाए!

भेंट के दौरान श्रीमती चिटनिस और श्री तिवारी ने शाहपुर नगर परिषद को नगर पालिका परिषद बनाए जाने की बात कही। उन्होंने बताया कि नगर परिषद शाहपुर का गठन दिनांक 11 जुलाई 1979 से 44 वर्ष पूर्व हुआ है। वर्तमान में निकाय की जनसंख्या 25 हजार है एवं नगरीय क्षेत्र शाहपुर से 40 गांव लगे हुए है। प्रतिदिन 10-15 हजार व्यक्ति व्यवसाय आदि कार्य से शाहपुर नगर में आते है। शाहपुर नगरीय क्षेत्र की मुख्य आर्थिक गतिविधियों में व्यापार, व्यवसाय एवं सेवा क्षेत्र की गतिविधियां है। उद्यानिकी (केला फसल) का भी शहर की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने कहा कि नगर परिषद शाहपुर अब संक्रमणशील क्षेत्र नहीं है वरन् पूर्ण रूपेण नगरीय क्षेत्र के रूप में विकसित हो गया है। शाहपुर नगर पालिका परिषद बनने से वित्तीय अधिकार बढ़ जाएंगे, जिससे नगर विकास में संचालित हो रही गतिविधियों का त्वरित निराकरण किया जा सकेगा।

स्टेडियम निर्माण हेतु 1 करोड़ आवंटित करने की रखी मांग

शाहपुर में स्टेडियम निर्माण हेतु तत्कालीन मुख्यमंत्री के समक्ष स्टेडियम निर्माण की मांग रखी गई थी। जिस पर उन्होंने 1 करोड़ रूपए दिए जाने की घोषणा की थी। जिसके लिए भूमि का चयन कर जिला प्रशासन द्वारा भी राशि आवंटन हेतु पत्राचार किया गया है। भोपाल प्रवास के दौरान श्रीमती अर्चना चिटनिस एवं शाहपुर नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि वीरेंद्र तिवारी ने मुख्यमंत्री के सचिव एवं नगरीय प्रशासन आयुक्त भारत यादव से भी उक्त संबंध में मुलाकात कर राशि आवंटित करने की बात कही। साथ ही मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव से मुलाकात कर राशि आवंटित कर क्रियान्वित करने हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करने का अनुरोध किया। ज्ञात हो कि नगरीय निकाय शाहपुर जिला बुरहानपुर क्षेत्रांतर्गत एवं आसपास ग्रामीण क्षेत्र में स्टेडियम निर्मित नहीं होने से बच्चों को खेलकूद एवं प्रतियोगिता में भागीदारी करने हेतु काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ऐसी स्थिति में स्टेडियम का निर्माण किया जाना नितांत आवश्यक है। शाहपुर नगर पंचायत को स्टेडियम निर्माण हेतु आवंटित भूमि खसरा क्रमांक 49, 50, 51 पैकी रकबा 4.09 हेक्टेयर पर बच्चें के खेलकूद एवं सर्वांगीण विकास हेतु स्टेडियम का निर्माण किया जाना है।

 

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments