बुरहानपुर जिले में लव जिहाद का एक और मामला, नाबालिग को बहला-फुसलाकर असीरगढ़ ले जाने का आरोप, शिकायत पर युवक हिरासत में।
बुरहानपुर(न्यूज़ ढाबा)–शहर में एक नाबालिग छात्रा को स्कूल के बाद कथित रूप से बहला-फुसलाकर असीरगढ़ ले जाने का मामला सामने आया है। परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने मामले में एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
परिजनों के अनुसार, नाबालिग छात्रा स्कूल से वापस नहीं पहुंची थी। बाद में वह असीरगढ़ से घर पहुंची और परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजन और कुछ सामाजिक संगठन के लोग नाबालिग को लेकर कोतवाली थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि युवक अपने कुछ साथियों के साथ छात्रा को असीरगढ़ लेकर गया था। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी युवक को अभिरक्षा में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
सामाजिक संगठन से जुड़े अजीत परदेशी ने आरोप लगाया कि युवक पिछले कुछ समय से नाबालिग को परेशान कर रहा था। वहीं, सीएसपी विनोद कुशवाह ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर युवक को अभिरक्षा में लिया गया है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।
पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और बयानों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।