Saturday, January 10, 2026
Homeराजनीतिजनआशीर्वाद यात्रा को लेकर बुरहानपुर विधानसभा की बैठक संपन्न, विकास और गरीब...

जनआशीर्वाद यात्रा को लेकर बुरहानपुर विधानसभा की बैठक संपन्न, विकास और गरीब कल्याण के कार्यों को लेकर जनता के बीच जाएंगे – ज्ञानेश्वर पाटिल

बुरहानपुर(न्यूज ढाबा)–भारतीय जनता पार्टी की सरकारों ने देश और प्रदेश में विकास किया है। गरीब जनता और देश के उत्थान के लिए जमीनी स्तर पर काम किया है। विकास और गरीब कल्याण के इन्हीं कामों को लेकर पार्टी की जनआशीर्वाद यात्रा जनता के बीच जाएंगी। इंदौर संभाग की जन आशीर्वाद यात्रा का शुभारंभ दादाजी की नगरी खंडवा से 6 सितंबर को दादाजी धाम परिसर से होने जा रहा है। पूजा अर्चना एवं दादाजी का आशीर्वाद प्राप्त कर भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष, केंद्रीय राजमार्ग सड़क परिवहन मंत्री श्री नितिन गडकरी हरी झंडी दिखाकर यात्रा का शुभारंभ करेंगे। साथ ही श्री गडकरी खंडवा में रायचंद नागडा उत्कृष्ट विद्यालय में एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे। यह बात सांसद श्री ज्ञानेश्वर पाटिल ने रविवार को शनवारा स्थित गुजराती समाज मोढ़ धर्मशाला में जन आशीर्वाद यात्रा को लेकर आयोजित बुरहानपुर विधानसभा की बैठक में कही। श्री पाटिल ने कहा यात्रा 8 सितम्बर को बुरहानपुर जिले की नेपानगर और बुरहानपुर विधानसभा में पहुंचेगी। विशाल जनसभा ग्राम दर्यापुर में होने जा रही है। इस जनआशीर्वाद यात्रा को ऐतिहासिक बनाने की जिम्मेदारी हमसब की है।
*कांग्रेस पूरे देश से विलुप्त होने की कगार पर*
सांसद श्री पाटिल ने कहा कि कांग्रेस के भ्रष्ट शासन और बंटाधार सरकार ने मध्यप्रदेश को पिछड़ा राज्य बना दिया था, जिसमें न तो शिक्षा थी, न चलने के लिए सड़कें थीं और न बिजली-पानी की व्यवस्था। जनता को मूलभूत सुविधाएं देने के बारे में कांग्रेस की सरकार ने कभी नहीं सोचा था। 15 महीने की कांग्रेस सरकार ने भी प्रदेश में ट्रांसफर उद्योग चलाने और भ्रष्टाचार का रिकॉर्ड बनाने का काम किया। नेताओं के पुत्र मोह और तालमेल न होने के कारण आज कांग्रेस पूरे देश से विलुप्त होने की कगार पर आ चुकी है। प्रदेश में 2003 में भारतीय जनता पार्टी की सरकार आई, जो लगातार जनता के जीवन में खुशहाली लाने, देश के विकास और भारत को विश्व गुरु बनाने के लिए काम कर रही है।
*लगातार झूठ परोस रही है कांग्रेस*
पूर्व मंत्री एवं प्रदेश प्रवक्ता श्रीमती अर्चना चिटनिस ने कहा कि प्रदेश की जनता को 20 साल पहले का कांग्रेस का शासन आज भी याद है। भाजपा की सरकारों ने प्रदेश में जो काम किया है, वह भी हर किसी को दिखाई दे रहा है। कांग्रेस और भाजपा सरकारों के फर्क को जनता बहुत अच्छे से अनुभव कर रही है। इसके बावजूद कांग्रेस झूठ परोसने में कोई कसर नहीं छोड़ रही है। विकास यात्राओं को लेकर भी कांग्रेस और विरोधी दल तरह-तरह की बयानबाजी कर रहे हैं। विकास यात्राओं के माध्यम से भारतीय जनता पार्टी अपनी सरकार के कामों को लेकर एक बार फिर जनता के बीच जा रही है।
*कार्यकर्ता यात्रा को ऐतिहासिक सफल बनाने में जूटे*
जन आशीर्वाद यात्रा के जिला प्रभारी एवं प्रदेश कार्यसमिति सदस्य श्री दिलीप श्रॉफ ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की जन आशीर्वाद यात्रा 10,643 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। इस दौरान यात्रा का 998 स्थानों पर स्वागत होगा। 679 से अधिक रथ सभाओं एवं 211 बड़ी सभाए प्रदेश भर में होने वाली है। एक-एक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता को जन आशीर्वाद यात्रा को ऐतिहासिक सफल बनाने में जूट जाना है।
भाजपा जिला मीडिया प्रभारी निलेश जूनागढ़े ने बताया कि इस दौरान पूर्व विधायक रामदास शिवहरे, बुरहानपुर विधानसभा संयोजक पूर्व महापौर अतुल पटेल, मंडी बोर्ड उपाध्यक्ष सुश्री मंजू दादू, महापौर श्रीमती माधुरी अतुल पटेल, पूर्व महापौर अनिल भोसले, पूर्व निगम अध्यक्ष मनोज तारवाला, युवराज महाजन, जगदीश कपूर, जिला महामंत्री डॉ. मनोज माने, लक्ष्मण महाजन, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य हर्षवर्धन सिंह चौहान, गोविन्द पाटिल सहित भाजपा पदाधिकारी, पार्षदगण मौजूद रहे। संचालन डॉ. मनोज माने ने किया। आभार गोविन्द पाटिल ने माना।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments