बुरहानपुर (न्यूज़ ढाबा):–सांसद ज्ञानेश्वर पाटील की मौजूदगी में शिवाजी नगर अंडरपास व तीसरी-चौथी रेल लाइन का संयुक्त निरीक्षण; प्रभावितों को उचित मुआवजे के निर्देश
- सांसद की लगातार पहल से शिवाजी नगर अंडरपास की प्रक्रिया ने पकड़ी गति, रेलवे इंजीनियर्स ने किया तकनीकी परीक्षण
- स्टेशन व प्लेटफॉर्म विस्तार का लिया जायजा; सांसद बोले— विकास जरूरी, पर नागरिकों की सुविधा और प्रभावित परिवारों के हित सर्वोपरि
- 20 हजार से अधिक रहवासियों को दशक पुरानी समस्या से मिलेगी स्थायी मुक्ति
बुरहानपुर: लालबाग क्षेत्र अंतर्गत शिवाजी नगर और चिंचाला के 20 हजार से अधिक नागरिकों की करीब एक दशक पुरानी मांग अब धरातल पर उतरने की दिशा में तेजी से अग्रसर है। शिवाजी नगर अंडरपास निर्माण, प्रस्तावित तीसरी-चौथी रेलवे लाइन तथा बुरहानपुर रेलवे स्टेशन विस्तार को लेकर मंगलवार को रेलवे और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने सांसद ज्ञानेश्वर पाटील के नेतृत्व में संयुक्त रूप से विस्तृत स्थल निरीक्षण किया।
इस मौके पर सांसद ज्ञानेश्वर पाटील, महापौर माधुरी अतुल पटेल, पूर्व महापौर अतुल पटेल, कलेक्टर विवेक कुमार, डीआरयूसीसी सदस्य पंकज नाटानी, नगर निगम आयुक्त संदीप श्रीवास्तव, रेलवे के उप मुख्य अभियंता (निर्माण) जे.डी. सिंग एवं मध्य रेलवे के सहायक मंडल अभियंता एच.ओ. मीना सहित तकनीकी दल मौजूद रहा।
प्रभावितों के हितों की रक्षा पहली प्राथमिकता: सांसद
निरीक्षण के दौरान सांसद ज्ञानेश्वर पाटील ने रेलवे व प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा:
“रेलवे का आधुनिकीकरण और विस्तार क्षेत्र की तरक्की के लिए अत्यंत आवश्यक है, लेकिन इस प्रक्रिया में आम नागरिकों के हितों की अनदेखी नहीं होनी चाहिए। तीसरी-चौथी रेल लाइन और स्टेशन विस्तार के दायरे में यदि किसी परिवार का मकान या संपत्ति आती है, तो नियमानुसार पारदर्शी तरीके से उचित आर्थिक मुआवजा सुनिश्चित किया जाए। विकास ऐसा हो जिससे जनता को सुविधा मिले, असुविधा नहीं।”
अंडरपास, स्टेशन विस्तार और नई रेल लाइनों का तकनीकी आंकलन
संयुक्त टीम ने शिवाजी नगर में प्रस्तावित अंडरपास के स्थल की तकनीकी नपती की। साथ ही तीसरी और चौथी रेलवे लाइन के अलाइनमेंट (प्रस्तावित मार्ग), स्टेशन भवन के विस्तार तथा प्लेटफॉर्म की लंबाई बढ़ाने की संभावनाओं का मौके पर परीक्षण किया।
उल्लेखनीय है कि सांसद ज्ञानेश्वर पाटील ने इस जनसमस्या को भुसावल और नागपुर में रेलवे बोर्ड की बैठकों में मजबूती से उठाया था। इसी क्रम में 27 अक्टूबर को डीआरएम पुनीत अग्रवाल ने सांसद के साथ स्थल निरीक्षण किया था, जिसके बाद 28 व 30 अक्टूबर को रेलवे इंजीनियरिंग दल ने प्रारंभिक तकनीकी सर्वे पूरा किया था।
बारिश और आपातकाल में आवागमन की बाधा होगी दूर
करीब दस वर्षों से रेलवे क्रॉसिंग बंद होने के कारण शिवाजी नगर और चिंचाला क्षेत्र के रहवासियों को चिंचाला रेलवे पुलिया के नीचे से होकर जोखिम भरा सफर तय करना पड़ता है। बारिश के दिनों में पांढारोल नाले में पानी भरने से यह मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो जाता है, जिससे एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड और अन्य आपातकालीन वाहनों का प्रवेश ठप हो जाता है। अंडरपास के निर्माण से क्षेत्रवासियों को बारहमासी, सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी।
प्रमुख जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी रहे उपस्थित
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सदस्य अनिल राठौर, मनोज टंडन, वरिष्ठ नेता वामन मोटे, राजू पाटीदार, दिलीप दिवेकर, जोतिबा धड़स, विजय कार्ले, रवि गावड़े, किरण सलगर, दिनेश जाधव, अश्विन मोटे, पंकज पवार, पार्षद प्रतिनिधि महेंद्र सुरवाड़े, योगेश ठोंबरे, मनोहर महाराज, भीका वाणी, सुधीर ठोंबरे, मनोज वाघमारे, विलास खोरे, रेलवे स्टेशन प्रबंधक विनय मेहता, मुख्य कार्यालय अधीक्षक पुष्पेंद्र कापड़े सहित रेलवे एवं नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

